सलूम्बर, 21 जून। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत पिलादर में अयुष्मान आरोग्य मंदिर के तत्वावधान में पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के महत्व को आत्मसात किया।
आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रियंका जैन ने बताया कि योग दिवस कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक नरेंद्र वरनोति ने उपस्थित जनसमूह को निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।अयुष्मान आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत शामिल ग्राम पंचायत पिलादर में आयोजित इस कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्त समाज निर्माण का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जयप्रकाश चौबीसा ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर आयुर्वेद कम्पाउण्डर रघुनाथ राम ने माला एवं उपरणा पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया।