सलूम्बर, 29 जून। जिले में चल रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों और विभिन्न बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सेवा शिविरों में नियमित निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग हर अधिकारी की जिम्मेदारी है। जो अधिकारी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कलक्टर ने कहा कि शिविरों का उद्देश्य आमजन को समय पर राहत और सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने सभी विभागों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और शिविरों में किए जा रहे नवाचारों व सफल कार्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को विद्यालयों के सत्यापन की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के लिए कहा गया।
बैठक के दौरान डीएनटी समुदाय के लिए पहचान एवं प्रमाण-पत्र जारी करने की कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। साथ ही जल संचय जनभागीदारी अभियान और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना की सुस्त प्रगति पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।