सलूम्बर, 29 जून। जिले में सोमवार को 20वें जिला स्तरीय सांख्यिकी दिवस समारोह का आयोजन होटल अमृत में उत्साहपूर्वक किया गया। जिला आर्थिक एवं सांख्यिकी कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने कहा कि किसी भी सरकार की योजनाओं की सफलता सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों पर निर्भर करती है। गुणवत्तापूर्ण डेटा ही बेहतर नीति निर्माण, प्रभावी क्रियान्वयन और पारदर्शी प्रशासन की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डेटा केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि विकास की दिशा तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। यदि विभागों को सही और अद्यतन जानकारी उपलब्ध होगी तो योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
जिला कलक्टर ने जनआधार को प्रदेश का मजबूत डिजिटल डाटाबेस बताते हुए कहा कि इसके निर्माण और नियमित अद्यतन में सांख्यिकी विभाग की अहम भूमिका रही है। उन्होंने जनगणना सहित विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों तथा ‘पंच गौरव’ अभियान में विभाग के योगदान की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की प्रशंसा की।
उन्होंने फील्ड स्तर पर आंकड़ों के संकलन में पारदर्शिता, शुद्धता और जिम्मेदारी बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए कहा कि गलत आंकड़े नीति निर्माण को प्रभावित करते हैं, इसलिए डेटा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला सांख्यिकी अधिकारी शैल सिंह सोलंकी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग भविष्य में भी जिले के विकास के लिए सटीक आंकड़ों के संकलन और विश्लेषण के कार्य को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य आयोजना अधिकारी भारत जोशी, ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी प्रकाश लाल भट्ट, गोपाल अग्रवाल, अनीता चौधरी, नवीन कुमार मीणा, भगवान लाल पटेल, सूचना सहायक नरेश सुथार सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।