पीडब्ल्यूडी के दो इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस, विभागीय कार्रवाई की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 29 जून। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 की तैयारियों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार राज्य सरकार के निर्देशों के तहत ग्रामीण सेवा शिविरों से पूर्व ग्राम पंचायत स्तर पर सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की छंटाई कर मार्गों की दृश्यता (रोड विजिबिलिटी) सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे नहीं किए गए और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की भी पालना नहीं की गई।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए सार्वजनिक निर्माण विभाग, उपखंड सराड़ा के सहायक अभियंता बलवीर मीणा एवं कनिष्ठ अभियंता लोकेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी भी दी गई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीण सेवा शिविरों की तैयारियों तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा सरकारी निर्देशों की अवहेलना को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!