बारोलजी धाम में गूंजेगी वैदिक मंत्रों की ध्वनि, 2027 में होगा 108 कुण्डीय श्री अति विष्णु महायज्ञ पूर्णिमा पर हुआ भव्य पोस्टर विमोचन, श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। जिले के बामनिया स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र बारोलजी धाम में वर्ष 2027 में प्रस्तावित 11 दिवसीय 108 कुण्डीय श्री अति विष्णु महायज्ञ की तैयारियों का शुभारंभ पूर्णिमा के पावन अवसर पर भव्य पोस्टर विमोचन के साथ किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आयोजन को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की।
पोस्टर का विमोचन श्री श्री 1008 महंत डॉ. योगीराज इतवारनाथ जी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान भेरूनाथ मढ़ी बड़लिया धूणी, आदेश आश्रम करजी धूणी, ओगड़ी माई की धूणी तथा उदयपुर स्थित महाकालेश्वर मंदिर से जुड़े संतों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।
आयोजन समिति के अनुसार वर्ष 2027 में होने वाला यह महायज्ञ क्षेत्र के सबसे विशाल धार्मिक आयोजनों में शामिल होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और विभिन्न समितियों का गठन कर रूपरेखा तैयार की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर महंत डॉ. योगीराज इतवारनाथ जी ने कहा कि वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न होने वाले महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोककल्याण और पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यज्ञ से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा सुख, समृद्धि, शांति और सद्भाव का वातावरण निर्मित होता है। उन्होंने बताया कि यह महायज्ञ विश्व शांति, मानव कल्याण और सनातन संस्कृति के संरक्षण की भावना से आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने सभी सनातन धर्मावलंबियों से आह्वान किया कि वे इस महायज्ञ में तन, मन और धन से सहयोग देकर आयोजन को सफल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
पूर्णिमा के दिन हुए पोस्टर विमोचन के साथ ही बारोलजी धाम में प्रस्तावित महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में धार्मिक आयोजन की तैयारियों की चर्चा शुरू हो गई।

और पढ़ें

error: Content is protected !!