पंच गौरव योजना को मिलेगा खेलों का दम, 18 जुलाई से ब्लॉक स्तर पर कबड्डी मुकाबले 26 जुलाई को जिला मुख्यालय पर होगा फाइनल, महिला खिलाड़ियों की भागीदारी पर रहेगा विशेष फोकस
सलूंबर, 4 जुलाई। जिले में खेल प्रतिभाओं को मंच देने और ग्रामीण युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार की पंच गौरव योजना के तहत “एक जिला–एक खेल” अभियान के अंतर्गत कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने ब्लॉक और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं की तिथियां तय करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिला प्रशासन के अनुसार 18 और 19 जुलाई को जिले की सभी पंचायत समितियों में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमें 26 जुलाई को जिला मुख्यालय पर होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाएंगी।
प्रतियोगिताओं को लेकर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद ने अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से पुरुष एवं महिला वर्ग की अधिकतम टीमों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। खास तौर पर महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए प्रशासनिक समिति गठित की गई है। उपखंड अधिकारी को संयोजक और विकास अधिकारी को सह-संयोजक बनाया गया है, जबकि शिक्षा, पुलिस, चिकित्सा एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को सदस्य के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खिलाड़ियों की पात्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत से निर्धारित प्रारूप में बायोडाटा भरवाया जाएगा, जिसे सरपंच या ग्राम विकास अधिकारी से प्रमाणित कराना अनिवार्य होगा। ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ खिलाड़ियों की सूची भी जिला स्तर के लिए तैयार की जाएगी।
जिला स्तरीय मुकाबलों में प्रत्येक ब्लॉक की विजेता और उपविजेता पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से कबड्डी किट और मैट शूज़ उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि विजेता और उपविजेता टीमों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।