राष्ट्रीय टीम ने सराड़ी PHC की गुणवत्ता परखी, NQAS प्रमाणीकरण की ओर बढ़ा कदम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर, 4 जुलाई। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (एनक्यूएएस) के तहत सलूम्बर ब्लॉक स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सराड़ी का दो दिवसीय राष्ट्रीय मूल्यांकन शनिवार को संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ टीम ने अस्पताल की सेवाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण कर केंद्र की गुणवत्ता का आकलन किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि सराड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहले ही राज्य स्तरीय गुणवत्ता मानकों पर खरा उतर चुका है। इसके बाद राज्य सरकार ने राष्ट्रीय प्रमाणीकरण के लिए प्रस्ताव भेजा था, जिसके आधार पर भारत सरकार की ओर से विशेषज्ञ टीम निरीक्षण के लिए पहुंची।
राष्ट्रीय टीम के सदस्य डॉ. फैजाद अहमद और डॉ. सुरज धरपवार ने 3 व 4 जुलाई को अस्पताल के छह प्रमुख विभागों का निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की साफ-सफाई, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, नि:शुल्क जांच एवं दवा वितरण, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधन और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सहित विभिन्न बिंदुओं का मूल्यांकन किया।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.डी. मीणा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान चिकित्सा प्रभारी मेजर डॉ. राजेंद्र जाट और उनकी टीम ने अस्पताल में संचालित व्यवस्थाओं एवं अभिलेखों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया। जिला गुणवत्ता आश्वासन टीम के अधिकारियों ने भी निरीक्षण प्रक्रिया में आवश्यक समन्वय और सहयोग प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र पुरी गोस्वामी, कैलाश चंद्र डामोर, उदयपुर से गणेश प्रकाश चौधरी एवं सुनील शर्मा सहित ब्लॉक स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्पताल के नर्सिंग अधिकारी, लैब तकनीशियन, एलएचवी, एएनएम, कंप्यूटर ऑपरेटर और आशा सहयोगिनियों ने भी निरीक्षण में सक्रिय सहयोग किया।
### प्रमाणीकरण मिलने पर मिलेगा विशेष अनुदान
यदि सराड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर सफल घोषित होता है तो केंद्र को प्रमाण-पत्र के साथ तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 3 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। यह राशि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर खर्च की जाएगी। इससे क्षेत्र के मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

और पढ़ें

error: Content is protected !!