सलूम्बर। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार की पहल अब धरातल पर असर दिखाने लगी है। पंचायत समिति लसाड़िया की ग्राम पंचायत शोभजी का गुड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पात्र पशुपालकों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया। योजना के माध्यम से प्रत्येक बीमित पशु पर ₹40 हजार तक का सुरक्षा कवच उपलब्ध कराया गया, जिससे आकस्मिक नुकसान की स्थिति में पशुपालकों को आर्थिक राहत मिल सकेगी।
शिविर में शांता देवी डांगी, वाली बाई डांगी सहित कई लाभार्थियों को बीमा पॉलिसियां सौंपी गईं। लाभार्थियों ने कहा कि पशुधन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है और बीमा सुविधा मिलने से भविष्य की चिंता काफी हद तक कम होगी। उन्होंने इस जनहितकारी योजना के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन एवं पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने योजना की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पशुपालकों को इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर प्रभारी एवं तहसीलदार रामजी लाल गुर्जर, ब्लॉक विकास अधिकारी मांगूसिंह रावत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार मीणा, पशुधन निरीक्षक दिलीप मेघवाल तथा पशु परिचर सांवरचंद मीणा सहित विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति रही।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक एक ही स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। पशु बीमा योजना को ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और पशुपालन को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।