सलूंबर। जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 हजार किलोग्राम अवधि पार (एक्सपायर्ड) चाय पत्ती जब्त की। प्रारंभिक आकलन के अनुसार जब्त सामग्री की बाजार कीमत करीब 19 लाख रुपए बताई जा रही है। विभाग ने मामले में पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं।
कार्रवाई जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) डॉ. महेंद्र परमार के मार्गदर्शन में परशुराम चौक, अदकालिया स्थित एक ट्रेडिंग फर्म पर की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड चाय पत्ती मिली, जिसे अलग-अलग पैकिंग में ब्रांड नाम से बाजार में उतारने की तैयारी चल रही थी।
जांच के दौरान विभाग को कई अन्य गंभीर कमियां भी मिलीं। फर्म के पास निर्धारित श्रेणी का लाइसेंस नहीं पाया गया, जबकि मौके पर पैकिंग संबंधी गतिविधियां संचालित हो रही थीं। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल से जुड़े आवश्यक दस्तावेज तथा एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के निस्तारण अथवा निर्माता को लौटाने के प्रमाण भी उपलब्ध नहीं कराए जा सके।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संपूर्ण स्टॉक को जब्त कर अलग-अलग बैचों से पांच नमूने लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. महेंद्र परमार ने बताया कि फर्म को नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित अवधि में कमियों को दूर नहीं करने पर लाइसेंस निरस्त करने सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि संदिग्ध या मिलावटी खाद्य पदार्थों की सूचना तुरंत संबंधित विभाग या राज्य सरकार के हेल्पलाइन माध्यमों पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।