सलूम्बर। जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में शनिवार को जिला प्रशासन और वन विभाग की पहल पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने सामूहिक पौधरोपण किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पर्यावरण प्रेमियों और वन विभाग के कार्मिकों ने भाग लेकर छायादार, फलदार और स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए। साथ ही सभी ने पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सपेला ने लसोड़ा का पौधा रोपित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और समृद्ध प्राकृतिक संसाधन मिल सकेंगे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने पौधरोपण को जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने का प्रभावी माध्यम बताते हुए लोगों से अपने घर, खेत, विद्यालय और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। पर्यावरण प्रेमियों ने भी अभियान में भागीदारी निभाते हुए हरियाली बढ़ाने और पौधों के संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि पौधरोपण को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित किया जाएगा।
प्रशासन ने भी आमजन से इस जनभागीदारी अभियान से जुड़कर सलूम्बर को हरित और स्वच्छ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।