कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में दोपहर 12 बजे होगी विशेष जनसुनवाई, 14 जुलाई को आमजन भी रख सकेंगे अपनी राय

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 12 जुलाई। राजस्थान में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के प्रारूप को अंतिम रूप देने की दिशा में सलूंबर जिले में आज अहम पहल होने जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में दोपहर 12 बजे विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि अपने सुझाव और विचार प्रस्तुत करेंगे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने बताया कि यह जनसुनवाई राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति बसंत सिंह छाबड़ा की अध्यक्षता में गठित समिति के लिए सुझाव एकत्र करने की प्रक्रिया का हिस्सा है। कार्यक्रम में सांसद, विधायक, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षाविद, विधि विशेषज्ञ, सामाजिक विज्ञान से जुड़े जानकार तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
बैठक के दौरान विवाह, तलाक, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। समिति इन मुद्दों पर विभिन्न वर्गों की राय लेकर यूसीसी के प्रस्तावित प्रारूप को अधिक व्यावहारिक और जनहितकारी बनाने का प्रयास करेगी।
प्रशासन ने बताया कि दूसरे चरण में 14 जुलाई को दोपहर 2 बजे आम नागरिकों के लिए भी जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इसमें जिले का कोई भी नागरिक अपनी राय और सुझाव समिति के समक्ष रख सकेगा। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, शिक्षाविदों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने की अपील की है।
इन विषयों पर मांगे जाएंगे सुझाव
विवाह एवं विवाह पंजीकरण
विवाह विच्छेद (तलाक)
भरण-पोषण संबंधी प्रावधान
उत्तराधिकार एवं संपत्ति अधिकार
लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े कानूनी प्रावधान

और पढ़ें

error: Content is protected !!