सलूंबर, 13 जुलाई। पंचायत समिति सराड़ा की ग्राम पंचायत खरबर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और सुविधा का केंद्र साबित हुआ। राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान के तहत लगे इस शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराईं, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को बिना कार्यालयों के चक्कर लगाए योजनाओं का लाभ मिल सका।
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत माया देवी की विधवा पेंशन स्वीकृत की गई, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिली। वहीं जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन अभियान के तहत निर्मल मीणा को जन्म प्रमाण पत्र जारी कर सौंपा गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों ने प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निस्तारण करते हुए पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया पूरी की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार रखने और पात्रता के अनुसार योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया। शिविर में मौजूद ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिलने को प्रशासन की सराहनीय पहल बताया।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन ने यह संदेश दिया कि सरकार की योजनाएं अब सीधे गांवों तक पहुंच रही हैं। इससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों बच रहे हैं तथा जरूरतमंदों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित सहायता और सरकारी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।