धारोद सेवा शिविर में महिलाओं को मिली सुरक्षा योजनाओं की जानकारी, वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से कराया परिचित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 13 जुलाई। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर अभियान के तहत सोमवार को सलूंबर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धारोद में आयोजित शिविर महिलाओं के लिए जागरूकता का प्रभावी मंच बना। शिविर में महिला सुरक्षा, अधिकार एवं कल्याण से जुड़ी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए महिलाओं को सरकारी सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक कविता पुरबिया ने बताया कि घरेलू हिंसा, उत्पीड़न अथवा किसी भी प्रकार की प्रताड़ना का सामना करने वाली महिलाओं को जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर पर एक ही स्थान पर कई आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इनमें अस्थायी आवास, भोजन, पुलिस सहायता, चिकित्सकीय उपचार, कानूनी सलाह और मनोसामाजिक परामर्श जैसी सुविधाएं निःशुल्क प्रदान की जाती हैं। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी महिलाओं को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया गया। शिविर में वन स्टॉप सेंटर की काजल भोई, ग्राम पंचायत धारोद की साथिन तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। ग्रामीण महिलाओं ने योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपने प्रश्नों का समाधान भी किया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!