सलूम्बर/झल्लारा, 15 जुलाई। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा, प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह तथा प्रदेश प्रभारी दीप्ति सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को सलूम्बर जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस की जिला संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रेशमा मीणा ने की, जबकि जिला प्रभारी दिव्यानी कटारा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। बैठक में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से महिला कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सामाजिक रूप से सक्रिय महिलाओं ने भाग लिया।
बैठक में संगठन को पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, रिक्त पदों पर सक्रिय महिलाओं की नियुक्ति करने तथा सदस्यता अभियान को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष रेशमा मीणा ने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन की मजबूती से ही महिलाओं की आवाज को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी ब्लॉक इकाइयों को संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
जिला प्रभारी दिव्यानी कटारा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को संगठन से जोड़ने के लिए शीघ्र ही व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क बढ़ाकर सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
‘संसद चलो’ आंदोलन पर बनी रणनीति
बैठक का प्रमुख विषय 21 जुलाई से दिल्ली में प्रस्तावित अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के ‘संसद चलो’ आंदोलन की तैयारियां रहीं। इस दौरान निर्णय लिया गया कि सलूम्बर जिले से बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में भाग लेंगी। यात्रा एवं समन्वय की व्यवस्थाओं के लिए जिला स्तर पर विशेष समिति का गठन भी किया गया।
जनहित के मुद्दों पर संघर्ष का संकल्प
बैठक के समापन पर महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी तथा स्थानीय जनसमस्याओं सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सक्रिय संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।
बैठक में संगठन महासचिव सुशीला कुँवर, उपाध्यक्ष निर्मला पटेल एवं आरिफ़ा बानो, महासचिव अंकिता और जशोदा, सचिव रम्भा पटेल एवं नसीम बानो, ब्लॉक अध्यक्ष लता नागदा एवं पुष्पा मीणा, यंग ब्रिगेड सेवादल जिलाध्यक्ष सानिया मंसूरी सहित सलूम्बर और झल्लारा क्षेत्र की अनेक महिला कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।