सलूंबर। जिले में लगातार हो रही बिजली ट्रांसफॉर्मर चोरी की घटनाओं पर झल्लारा थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रांसफॉर्मर, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ट्रांसफॉर्मर खोलने में इस्तेमाल होने वाले विशेष औजार बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई कुल आठ चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
जिला पुलिस अधीक्षक विश्नाराम बिश्नोई के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला एवं पुलिस उप अधीक्षक (वृत्त सलूंबर) राजीव राहर के सुपरविजन में झल्लारा थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह वाघेला के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रकरण संख्या 160/2026 में दर्ज मामले की जांच के दौरान आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष पुत्र गणेशलाल पटेल (19), निवासी ढाकरड़ा, थाना सराड़ा, जिला सलूंबर तथा नरेंद्र पुत्र सुंदरलाल मीणा (24), निवासी पीपली बी, थाना ऋषभदेव, जिला उदयपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक चोरी किया गया बिजली ट्रांसफॉर्मर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा ट्रांसफॉर्मर को खोलने के लिए उपयोग में लिए जाने वाले विशेष औजार जब्त किए गए हैं। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने झल्लारा की घटना के अलावा सेमारी, जावर माइंस और सराड़ा थाना क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर चोरी की अन्य वारदातों में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब तक कुल आठ वारदातों का खुलासा हो चुका है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा संभावित अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई से जिले में ट्रांसफॉर्मर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
धर्मेंद्र सिंह वाघेला, थानाधिकारी, झल्लारा
पुंजीलाल, सहायक उपनिरीक्षक
गोपाल जोशी, हेड कांस्टेबल (विशेष भूमिका)
चिराग उपाध्याय, हेड कांस्टेबल
हरिराम, कांस्टेबल (विशेष भूमिका)
पुष्पेंद्र, चालक कांस्टेबल
झल्लारा पुलिस की इस कार्रवाई को ट्रांसफॉर्मर चोरी के मामलों में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।