सलूंबर। सलूंबर-वेश्मा बाइपास रोड पर शनिवार सुबह दूध से भरे टैंकर और लूना की भिड़ंत में 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में उसके दादा को भी चोटें आई हैं। दादा-पोता बारोलजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
मंदिर दर्शन के लिए निकले थे दादा-पोता
सलूंबर थाना अधिकारी मुकेश नागदा के अनुसार बस्सी सामचौत निवासी लक्ष्मण सिंह अपने 7 वर्षीय पोते रणजीत सिंह उर्फ दादू पुत्र ईश्वर सिंह राठौड़ के साथ लूना पर बारोलजी मंदिर दर्शन के लिए रवाना हुए थे। मंदिर उनके गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर है। दोनों अभी घर से करीब 5 किलोमीटर ही पहुंचे थे कि सलूंबर-वेश्मा बाइपास रोड पर हादसा हो गया।दूध टैंकर से हुई भिड़ंत
जानकारी के अनुसार उदयपुर से बांसवाड़ा की ओर जा रहे दूध से भरे टैंकर की लूना से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दादा-पोता सड़क पर गिर गए। रणजीत के ठोड़ी पर गंभीर चोट लगी और वह बेसुध हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को सलूंबर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रणजीत को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मण सिंह को मामूली चोटें आईं।
टैंकर चालक मौके से फरार
हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूध टैंकर को सड़क से हटवाकर थाने में खड़ा कराया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
UKG में पढ़ता था रणजीत
सात वर्षीय रणजीत पब्लिक पूर्णिमा स्कूल, बस्सी सिंघावत में यूकेजी कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता ईश्वर सिंह अहमदाबाद में डेयरी पर नौकरी करते हैं। रणजीत का एक बड़ा भाई भी है, जो दूसरी कक्षा में पढ़ता है। परिवार में दादा लक्ष्मण सिंह खेती का काम करते हैं।
परिवार में पसरा मातम
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए सलूंबर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर सलूंबर कांग्रेस जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता, थाना अधिकारी मुकेश नागदा, शंभू सिंह, राजकुमार, ईश्वर सिंह और सुनील सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।