पहलगाम आतंकवादी हमला कायरता पूर्ण और मानव सभ्यता पर कलंक राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय ने की पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए जिहादी को कठोरतम दंड की मांग
सलूंबर। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कठोर शब्दों में भर्त्सना करता है। यह हमला न केवल निर्दोष नागरिकों के जीवन पर किया गया एक अमानवीय आक्रमण था, बल्कि मजहब के आधार पर मानवता की नृशंस हत्या का कृत्य भी था। संगठन के जिला अध्यक्ष अंबालाल खटीक ने कहा कि निर्दोषों के विरुद्ध ऐसी हिंसा मानव सभ्यता के मूल्यों पर सीधा आघात है।देश के राष्ट्रीय स्वाभिमान को कमजोर करने की जिहादी सोच का परिणाम है। यह हमारे देश की एकता और अखंडता पर हमला है। देश के सभी राजनीतिक दलों और संगठनों को संविधान और लोकतंत्र पर हुए आतंकी हमले के विरुद्ध अपनी भिन्नताओं से ऊपर उठकर एकजुट होना चाहिए। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय इस घटना की घोर निंदा करता है और देश के नागरिकों से शांति, संयम एवं एकता बनाए रखने की अपील करता है।
संगठन के जिला मंत्री कमल आमेटा ने कहा कि मजहब के नाम पर इस प्रकार की हत्याएँ मानवता के इतिहास पर कलंक हैं। विश्व का कोई भी धर्म ऐसे घृणित कृत्य को स्वीकार नहीं कर सकता।हम मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा उनके परिवारों के प्रति अपनी गहन संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं।देश में जगह जगह समय समय पर हिंदू समाज पर सामूहिक हिंसा की घटनाओं का घटित होना देश के संविधान पर हमला है।ऐसे टारगेटेड कृत्यों के पीछे का सिस्टम समाप्त कर सभी को न्याय मिलना चाहिए।सम्पूर्ण शैक्षिक जगत आतंकवाद के विरुद्ध एकजुट होकर मानवता एवं राष्ट्रीय एकता के मूल्यों की रक्षा करने के लिए कृतसंकल्प हैं। राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय पीड़ित परिवारों के साथ अपनी संवेदना व्यक्त करते है और सरकार से अपेक्षा करता है कि आतंकवाद के खिलाफ कठोरतम कार्यवाही कर दोषियों को दंडित किया जाए।इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री हिमांशु भट्ट, कृष्णा काबरा, सभा अध्यक्ष देवीलाल मेहता, कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल सेवक , उप शाखा अध्यक्ष गजेंद्र चौबीसा संरक्षक कृष्णकांत पानेरी सहित जिला एवं समस्त उप शाखा कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले में धर्म के आधार पर हत्या करना जघन्य अपराध है।यह घटना देश के संविधान का अपमान और मानवीय मूल्यों को नष्ट करने वाला जिहादी कृत्य है।सरकार को तुरंत कार्यवाही करके मानवता और भारतीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित करना चाहिए। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी एवं उपशाखा मंत्री नरेश कुमार चाष्टा ने दी।