सलूम्बर जिले में ग्राम पंचायत कांट में महिला अधिकारिता विभाग की पहल पर साथिनी माया मीणा की अगुवाई में जाजम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में ग्रामीण महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया और स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान को लेकर शपथ ली।कार्यक्रम में हिरकी बाई, केशरी बाई, नंद बाई, लाली बाई, हिमती बाई, सुकना, कालू बाई, कमला बाई सहित कई ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
साथिनी माया मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि “सरकार द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब आमजन उनमें सक्रिय भूमिका निभाएं।” उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे अपने गांव में स्वच्छता अभियान को निरंतर बढ़ावा दें और आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करें। बैठक के दौरान महिलाओं को एनीमिया, पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य जांच जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। गांव की महिलाओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे अपने परिवार और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।