दो ग्राम विकास अधिकारियों की आत्महत्या से प्रदेशभर में आक्रोश शासन–प्रशासन व जनप्रतिनिधियों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा पंचायत समिति के ग्राम विकास अधिकारी शंकरलाल मीणा द्वारा 11 नवंबर को तथा इससे 15 दिन पूर्व 27 अक्टूबर को अजमेर जिले की केकड़ी
पंचायत समिति के ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण कुमार कुमावत द्वारा आत्महत्या कर लेने की दो दर्दनाक घटनाओं ने प्रदेशभर के ग्राम विकास अधिकारियों में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है।
ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रदेशस्तरीय आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर काले कपड़े पहनकर श्रद्धांजलि सभाएं, संकल्प सभाएं और विरोध प्रदर्शन
किए गए। सलूम्बर जिला मुख्यालय पर भी सैकड़ों ग्राम विकास अधिकारी जिला परिषद परिसर में एकत्र हुए, विरोध सभा की तथा रैली निकाल कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर एवं एडीशनल सीईओ को सौंपा।
जिलाध्यक्ष शंकरलाल कुम्हार ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव लंबित होने से कुछ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि निरंकुश होकर फील्ड कर्मचारियों पर अनैतिक दबाव
डाल रहे हैं। इसी प्रताड़ना के चलते नई भर्ती के दो होनहार ग्राम विकास अधिकारियों को आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाना पड़ा, जो अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।
शंकरलाल मीणा मामले में इरडिया ग्राम पंचायत के असामाजिक तत्वों व पंचायत समिति प्रशासन पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पड़नेर थाना भीलवाड़ा में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक ठोस कार्रवाई प्रारंभ नहीं की गई है।
धरने को प्रदेश प्रतिनिधि भानूप्रताप सिंह, जिला मंत्री राजेंद्र मीणा, उपाध्यक्ष मीना भंवरा, कोषाध्यक्ष नंदकिशोर नागदा, संगठन मंत्री दिव्या मीणा सहित जिलेभर से आए अधिकारियों ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी भी अधिकारी के साथ प्रताड़ना या दबाव की स्थिति उत्पन्न होती है, तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।

मुख्य मांगे

• दोनों आत्महत्या मामलों की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच
• 7 दिनों में दोषियों पर सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई
• दिवंगत अधिकारियों के परिजनों को 30 दिनों में अनुकंपा नियुक्ति
• ट्रांसफर प्रतिबंध के बावजूद मनमानी कर रहे अधिकारियों पर कार्रवाई
• प्रत्येक ब्लॉक में पंचायत समिति–स्तर पर मासिक प्रकोष्ठ बैठकें अनिवार्य की जाएं
सभा में सलूम्बर, सराड़ा, सेमारी, जयसमंद, लसाडिया आदि उपशाखाओं से बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टरजितेंद्र पंचोली

और पढ़ें

error: Content is protected !!