सलूम्बर जिले में बामनिया। लोकमान्य तिलक शिक्षण संस्थान बामनिया में पोलियो उन्मूलन अभियान के तहत विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कला सालवी एवं आशा सहयोगिनी संगीता मेघवाल के संयोजन में आयोजित इस अभियान में कुल 33 बच्चों को पोलियो रोधी दवाई पिलाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत संस्था प्रधान श्री महेन्द्र गोपावत के निर्देशन में हुई। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए बताया कि पोलियो की दो बूंदें ही बच्चों को भविष्य में गंभीर विकलांगता से बचा सकती हैं। उन्होंने विस्तार से बताया कि टीकाकरण न केवल बच्चों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है बल्कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने की दिशा में यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्री गोपावत ने आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करने, घर-घर संपर्क कर बच्चों को टीकाकरण केंद्र तक लाने तथा पूरे अभियान को सफल बनाने के लिए किए गए परिश्रम की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जिम्मेदारीपूर्ण प्रयासों से ही पोलियो जैसे महामारीजनक रोग को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं अभिभावकों में काफी उत्साह देखा गया। कई अभिभावकों ने संस्था द्वारा आयोजित इस जनहितकारी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की नींव मजबूत करते हैं।
पोलियो टीकाकरण शिविर के सफल समापन के साथ संस्था ने बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।