सलूम्बर जिले में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा देने का संकल्प शुक्रवार को तब दिखा, जब सलूंबर में नवनियुक्त प्रथम जिलाध्यक्ष एडवोकेट परमानंद मेहता
ने जोश और उत्साह के माहौल में अपना पदभार ग्रहण किया। मेहता ने पदभार ग्रहण से पूर्व पार्टी कार्यालय के बाहर नीम का पौधा लगाकर हरित संदेश दिया, इसके बाद जिला कार्यालय पहुँचकर उन्होंने औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सम्भाली।
कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिले के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी ने समारोह को खास बना दिया। मंच से संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री जगदीशराज श्रीमाली ने कहा कि “सलूंबर वीरों की जन्मभूमि है, यहाँ की मिट्टी साहस और समर्पण का संदेश देती है।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि छोटे-बड़े मतभेद भुलाकर एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना ही समय की मांग है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता ने कहा कि कांग्रेस का ढांचा तब तक मजबूत नहीं हो सकता, जब तक आदिवासी समाज, युवा शक्ति और जमीनी कार्यकर्ता पूर्ण रूप से साथ न हों। उन्होंने ‘वन बूथ–टेन यूथ’ अभियान को गति देने की बात करते हुए कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत नारेबाजी से दूर रहने व सामूहिक शक्ति से काम करने की अपील की।
पूर्व सांसद रघुवीर सिंह मीणा ने कहा कि उदयपुर और सलूंबर जिलों की संगठनात्मक सीमाएँ भले अलग हों, लेकिन कार्यकर्ताओं के दिल का रिश्ता अटूट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में सभी की मेहनत हार के दाग को मिटाकर जीत की नई इबारत लिखेगी।
कार्यक्रम में बसंती देवी मीणा, ताराचंद मीणा झाला, कचरूलाल चौधरी, रेशमी ख्यालीलाल सुवालका, गोविंदलाल सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, एकजुटता और नए नेतृत्व में विश्वास का स्पष्ट संदेश दिखाई दिया।