सलूंबर जिला कारागृह में तैनात मुख्य प्रहरी फूलशंकर मीणा का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान उनकी स्थिति अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें उदयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। वे प्रतापगढ़ जिले के धरियावद तहसील के जवाहर नगर के निवासी थे।जानकारी के अनुसार दोपहर ड्यूटी पर मौजूद रहने के दौरान फूलशंकर मीणा को अचानक अस्वस्थ महसूस हुआ। हालत गंभीर होने पर कार्यवाहक जेलर मुकेश डामोर व अन्य स्टाफ उन्हें तुरंत सलूंबर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई और तुरंत उदयपुर रेफर कर दिया। इसके बाद प्रहरी गजराज सिंह सहित अन्य साथी उन्हें उदयपुर के गीतांजलि अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
फूलशंकर मीणा करीब दो साल से सलूंबर जिला कारागृह में मुख्य प्रहरी के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले वे उदयपुर केंद्रीय कारागृह में भी अपनी ड्यूटी निभा चुके थे।
परिवार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार धरियावद स्थित पैतृक गांव में किया जाएगा।
प्रशासनिक अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।