जैन समाज को राहतः गुड़ेल जैन मंदिर से चोरी भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति बरामद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर जिले के गुड़ेल गांव स्थित पार्श्वनाथ जैन मंदिर से चोरी हुई भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति को गींगला थाना पुलिस ने सफल कार्रवाई करते हुए बरामद कर लिया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में धार्मिक आस्था को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ था। जिला पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुमार यादव के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित व प्रभावी कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया।
मंदिर पुजारी जीतमल जैन ने बताया कि 4 दिसंबर को वे किसी कारणवश पूजा के लिए मंदिर नहीं पहुंच सके थे। शाम को ग्रामीणों से सूचना मिली कि मंदिर से भगवान पार्श्वनाथ की लगभग 5 इंच ऊंची पीतल की मूर्ति चोरी हो गई है। काफी तलाश के बावजूद मूर्ति का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस जांच में आरोपी कालू उर्फ कालूलाल मीणा निवासी धामनिया हडवी फला, थाना लसाडिया को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर मूर्ति और बाइक बरामद कर ली गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। मूर्ति की सकुशल बरामदगी के बाद जैन समाज एवं स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और राहत महसूस की।

और पढ़ें

error: Content is protected !!