सलूम्बर जिले में ग्राम पंचायत बामनिया ग्राम रूआंव गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बिना अनुमति निर्माण कार्य एवं पवित्र बेलपत्र वृक्ष उखाड़े जाने के मामले में
खबर का असर देखने को मिला है।
प्राप्त शिकायत के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मौका पर्चा तैयार कर विद्यालय का निरीक्षण किया गया।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार दिनांक 26/12/2025 को रा.उ.मा.वि. रूआंव में DMFT योजना अंतर्गत स्वीकृत कमरों के निर्माण को लेकर की गई शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विद्यालय परिसर का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ग्राम पंचायत बामनिया के अधिकृत प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय के संस्था प्रधान एवं SDMC (स्कूल विकास एवं प्रबंधन समिति) की स्वीकृति के बिना खेल मैदान में भवन निर्माण के लिए नींव खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया था।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि नींव खुदाई के दौरान बीच में आ रहे पवित्र बेलपत्र (बिल्व पत्र) के वृक्ष को जड़ से उखाड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया था।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को विद्यालय के संस्था प्रधान, SMC सदस्यों एवं ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया गया कि विद्यालय परिसर में पहले से मौजूद दो जर्जर कमरों को गिराकर उसी भूमि पर नए स्वीकृत कमरों के निर्माण का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही नियमानुसार पुराने कमरों को हटाकर उसी स्थान पर नए कमरों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।
प्रशासन द्वारा वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया गया है। साथ ही मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि नियमों की अनदेखी कर किए गए इस कार्य से न केवल प्रशासनिक प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़े वृक्ष को भी नुकसान पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में विद्यालय परिसर में किसी भी प्रकार का कार्य ग्राम पंचायत, SMC एवं संबंधित विभागों की अनुमति के बाद ही किया जाए।