सलूंबर जिला पुलिस ने परसाद थाना क्षेत्र में हुई इको कार चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई कार बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 18 दिसंबर की रात को कस्बा परसाद के पीपली चौक घाटी क्षेत्र से अज्ञात चोरों ने एक इको कार चोरी कर ली थी।
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा तकनीकी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने इको कार चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी गई कार को बरामद कर लिया गया। फिलहाल आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है और आमजन ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।