सलूम्बर पुलिस थाना झल्लारा क्षेत्र में एक अज्ञात बालिका की मृत्यु का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मृतका की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
थानाधिकारी पुलिस थाना झल्लारा से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01.01.2026 को श्री मुकेश पिता नारायण दास टिलवानिया निवासी हाउसिंग बोर्ड, बांसवाड़ा हाल व्यवस्थापक प्रभू निवास आश्रम खीरावाड़ा ने मोर्चरी, सामान्य चिकित्सालय सलूम्बर पर उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया गया कि सुवर्ण कृष्णा फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रभू निवास आश्रम खीरावाड़ा में एक बालिका, जो दिनांक 16.10.2026 को थाना सर्कल लौहारिया जिला बांसवाड़ा के गांव बस्सी चन्दन सिंह में लावारिस हालत में मिली थी, को लौहारिया थाना पुलिस एवं ग्रामीणों द्वारा देखभाल हेतु आश्रम में प्रवेश कराया गया था।
बताया गया कि बालिका का स्वास्थ्य पिछले दो दिनों से खराब चल रहा था। रात को भोजन करने के बाद वह सो गई थी, लेकिन सुबह उठाने पर वह नहीं उठी और उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। बालिका को तुरंत सलूम्बर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बालिका की मृत्यु बीमारी के कारण होना बताया गया है तथा किसी प्रकार का संदेह नहीं जताया गया है।
पुलिस ने मामले में मर्ग संख्या 01/2026 धारा 194 बी.एन.एस. के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतका के वारिसों की तलाश की जा रही है।
मृतका का हुलिया:
रंग: गेहुआ
कद-काठी: दुबली-पतली
बाल: काले व छोटे
वस्त्र: आश्रम द्वारा उपलब्ध आसमानी रंग के कपड़े
पहचान चिन्ह: बायां कान हल्का नीचे से कटा हुआ
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति उक्त विवरण के आधार पर मृतका की पहचान करता हो या उसके परिजनों के संबंध में कोई जानकारी रखता हो, तो निकटतम पुलिस थाना झल्लारा, जिला सलूम्बर से संपर्क करें।