सलूंबर में आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर का असर: 10 दिनों में 320 मरीजों का उपचार, 132 ने पंचकर्म से पाई राहत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर में राष्ट्रीय आयुष मिशन एवं आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क आयुर्वेद शल्य चिकित्सा शिविर के चौथे दिन भी आमजन में आयुर्वेद के प्रति गहरा उत्साह देखने को मिला। शिविर में लगातार बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं, जिससे जनभागीदारी का स्पष्ट संकेत मिल रहा है।
शिविर के चौथे दिन गैर-संक्रामक रोगों (एनसीडी) से पीड़ित 84 मरीजों का विशेष रूप से परीक्षण व उपचार किया गया। इनमें मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा, हृदय रोग एवं थायरॉयड जैसी बीमारियां शामिल रहीं। विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा पंचकर्म चिकित्सा, आयुर्वेदिक औषधियों तथा जीवनशैली सुधार के माध्यम से मरीजों का उपचार किया गया।
बहिरंग ओपीडी में कुल 320 मरीजों को लाभ मिला, वहीं 132 मरीजों ने पंचकर्म चिकित्सा का लाभ उठाया। पंचकर्म उपचार के अंतर्गत स्नेहन से मांसपेशियों को मजबूती, स्वेदन से शरीर शुद्धिकरण, कटी बस्ती से कमर दर्द, जानू बस्ती से घुटनों की समस्या तथा ग्रीवा बस्ती से गर्दन दर्द में राहत प्रदान की गई।
शिविर में 6 मरीजों का अग्निकर्म भी किया गया, जो पुराने दर्द, सूजन एवं मांसपेशीय तनाव में अत्यंत प्रभावी माना जाता है। इसके अतिरिक्त मौसमी रोगों से बचाव एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से 147 लोगों को निशुल्क आयुर्वेदिक क्वाथ का वितरण किया गया।
शिविर की सफलता में चिकित्सकों के साथ आयुर्वेद कंपाउंडर एवं नर्सिंग स्टाफ की अहम भूमिका रही। सेवा कार्यों में प्रदीप कुमार व्यास, रामलाल मीणा, शंकरलाल मीणा, शंकरलाल खराड़ी, किरण कुमार गर्ग, दिनेश कुमार चौबीस, कन्हैयालाल नागदा, चंद्रेश परमार, महावीर कुमार सालवी, भेरूलाल मीणा, विपुल कुमार, प्रभुलाल डामोर, प्रकाश मड्डा, ललित कुमार कलाल, मंजू कुमारी मेघवाल, विष्णु अहारी, राजकुमारी खराड़ी एवं मीनाक्षी सालवी ने सेवाएं दीं।
महावीर इंटरनेशनल की ओर से शिविर में मरीजों के परिजनों के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई।
शिविर के दौरान सहायक नोडल अधिकारी डॉ. जितेंद्र जोशी एवं शिविर प्रभारी डॉ. अख्तर हुसैन उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धतियों को जन-जन तक पहुंचाना है, जिसमें यह शिविर पूर्ण रूप से सफल साबित हो रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!