उदयपुर। उदयपुर जिले में रेल मार्ग पर एक बार फिर अराजक तत्वों की करतूत सामने आई है। अहमदाबाद से इंदौर जा रही वीरभूमि एक्सप्रेस (19316) पर जयसमंद–जावर माइंस रेलवे सेक्शन में पथराव किया गया, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। जनरल कोच के कांच टूटने से अंदर बैठे यात्रियों को चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही जयसमंद स्टेशन से आगे बढ़ी, सरसिया रेलवे फाटक के पास ट्रैक किनारे खड़े युवकों ने अचानक पत्थर फेंक दिए। पत्थर कोच के अंदर गिरने से यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में जांच के दौरान दो नाबालिगों को डिटेन किया गया, जिनकी उम्र 14 वर्ष बताई जा रही है। दोनों को बाल न्यायालय के आदेश पर बाल सुधार गृह भेजा गया है।
उल्लेखनीय है कि इस रेलखंड पर पहले भी पथराव और गंभीर आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। नवंबर 2022 में जावर माइंस क्षेत्र में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश का भी खुलासा हुआ था, जिसमें विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था।
लगातार हो रही घटनाओं से रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।