सलूंबर में ‘जी राम जी अधिनियम’ पर भाजपा का जनजागरण अभियान तेज ग्राम पंचायतों में चौपालें लगाकर श्रमिकों-किसानों से सीधा संवाद, कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप
सलूंबर। क्षेत्र में भाजपा संगठन ने ‘विकसित भारत जी राम जी अधिनियम’ को लेकर गांव-गांव संवाद की मुहिम शुरू कर दी है। जिला और मंडल स्तर के कार्यक्रमों के बाद अब पार्टी ने अभियान को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाते हुए चौपालों के माध्यम से श्रमिकों, किसानों और नरेगा कर्मियों से सीधा संवाद साधना शुरू किया है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की सहभागिता से संचालित इस अधिनियम के प्रावधानों और लाभों को आमजन तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष अधिनियम को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जिसे जनसंवाद के जरिए दूर किया जाएगा।
बस्सी क्षेत्र में हुई शुरुआत
छप्पन मंडल के बस्सी सामचोत और बस्सी झुंझावत में आयोजित चौपालों में पंचायत समिति के निवर्तमान उपप्रधान देवेंद्र सिंह अजबावत ने श्रमिकों और किसानों से संवाद करते हुए अधिनियम के मुख्य बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों को देखते हुए विपक्ष भ्रामक प्रचार कर रहा है, जबकि सरकार की मंशा ग्रामीण विकास और श्रमिक हितों को मजबूत करना है।
मेवल और जयसमंद में भी सक्रियता
मेवल मंडल की इसरवास, सराड़ी और गींगला ग्राम पंचायतों में भी जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां प्रभारी सुनील सालवी, जिला प्रवक्ता नाथू कोलावत और मंडल प्रतिनिधि झमक लाल जैन ने लोगों को अधिनियम की विशेषताओं से अवगत कराया।
जयसमंद क्षेत्र के सिंगटवाड़ा में पूर्व मंडल अध्यक्ष फतह सिंह सिसोदिया ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों से चर्चा की।
विभिन्न पंचायतों में पहुंचा अभियान
पलौदड़ा, ढेलाई, डगार और चांदौड़ा सहित कई ग्राम पंचायतों में भी भाजपा पदाधिकारियों ने श्रमिकों से संवाद किया। इन कार्यक्रमों में मोहनलाल गर्ग, हजारी मीणा, दिलीप पांचाल, अमराभाई पटेल, लक्ष्मीलाल कलाल और किरीट कुमार सहित अन्य नेताओं ने भाग लेकर अधिनियम के लाभ गिनाए।
भाजपा का कहना है कि आने वाले दिनों में यह जनजागरण अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि गांव-गांव तक अधिनियम की जानकारी पहुंच सके और श्रमिकों व किसानों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।