सलूंबर। जिले में चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक पैकेज्ड पानी इकाई से करीब 12 हजार लीटर बोतलबंद पानी सीज कर दिया। यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े गंभीर मानकों में कमी पाए जाने पर की गई।
खाद्य सुरक्षा दल ने मांगलिय फूड बेवरेज लिमिटेड का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि उपलब्ध पानी की ताज़ा परीक्षण रिपोर्ट IS:10500 मानक के अनुरूप नहीं थी। साथ ही, फैक्ट्री में पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली और कर्मचारियों के आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत नहीं किए जा सके। बैच सील, नमूना जांच के लिए भेजा मिलावट की आशंका के मद्देनज़र विभाग ने संबंधित बैच की 1-1 लीटर की कुल 12 हजार बोतलों को प्रयोगशाला रिपोर्ट आने तक सील कर दिया है। साथ ही पानी का नमूना विधिवत जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस
विभाग के अनुसार प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 32 के अंतर्गत सुधार (इम्प्रूवमेंट) नोटिस जारी किया जाएगा। तय समय सीमा में कमियां दूर नहीं करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी ने बताया कि गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। कार्रवाई के दौरान प्रशिक्षु अधिकारी राकेश पुष्करणा, निशा मीना और सहायक शूरवीर सिंह भी मौजूद रहे।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी खाद्य पदार्थ या पेयजल की गुणवत्ता संदिग्ध लगे तो तुरंत शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।