महाराणा प्रताप संसदीय संकुल चावण्ड की समन्वय एवं समीक्षा बैठक सम्पन्न सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने 23 जनजातीय गांवों में योजनाओं का सैचुरेशन स्तर तक क्रियान्वयन के दिए निर्दे
चावण्ड। राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद-चावण्ड परिसर में महाराणा प्रताप संसदीय संकुल चावण्ड की समन्वय एवं समीक्षा बैठक उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के 36 शासकीय विभागों के अधिकारी एवं 5 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में कृषि, उद्यान, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, जनजाति कार्य एवं सामाजिक न्याय, पंचायती राज, ग्रामीण विकास (मनरेगा), जल संसाधन, जल जीवन मिशन, वन, मत्स्य पालन, कृषि विपणन बोर्ड, कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), आरसेठी, सीएसआर एवं एमपीयूएटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विकास सहयोगी सी.बी. मीणा ने सभी आगंतुकों का स्वागत करते हुए संसदीय संकुल विकास परियोजना के उद्देश्य एवं अपेक्षाओं की जानकारी दी। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकुल के 23 गांव—नाल हलकार, खोड़ी महुड़ी, कलात, नठारा, थाणा, चावण्ड, सरसिया, डींगरी, धावडिया सहित अन्य गांवों में योजनाओं का सैचुरेशन स्तर तक क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में दो प्रमुख कार्यों की शुरुआत कर आगामी दो महीनों में कम से कम दो योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए।
सांसद ने अधिकारियों से आह्वान किया कि वे दूरस्थ जनजातीय गांवों तक स्वयं पहुंचकर योजनाओं का लाभ दिलाएं। किसी भी समस्या की स्थिति में विकास सहयोगी सी.बी. मीणा एवं ग्राम प्रमुखों से समन्वय स्थापित किया जाए। कृषि विभाग ने वर्मी कम्पोस्ट, सीताफल आधारित गतिविधियों एवं एग्रो टूरिज्म जैसी पहल करने का प्रस्ताव रखा।
परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुल्मी ने परिषद द्वारा जनजातीय क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन ने अपने स्तर पर ठोस पहल कर समुदाय को लाभान्वित किया है।
बैठक के अंत में सांसद ने सभी विभागों को दो माह बाद प्रस्तावित समीक्षा बैठक में उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में मदनलाल गर्ग (प्रांत श्रद्धा जागरण प्रमुख), हीरालाल मोडिया (जिला संगठन मंत्री, सलूंबर), प्रेमशंकर चौबीसा (ग्राम विकास प्रमुख), अमरसिंह मीणा (सह प्रमुख), फणींद्र गर्ग, नानालाल पटेल (जिला मंत्री) एवं प्रकाशचन्द्र मीणा की भूमिका रही।
कार्यक्रम में ओम गुर्जर (संकुल प्रभारी, देवास) की उपस्थिति रही। अंत में प्रदेश मंत्री रमेश गर्ग ने सभी अधिकारियों, ग्रामवासियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन चतुर्भुज मीणा (ग्राम विकास सहयोगी) ने किया।