सलूम्बर जिले में परसाद। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परसाद में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) प्लस टू स्तर के तहत आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन की शुरुआत ईश वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात शिविर प्रभारी द्वारा स्वयंसेवकों को योग अभ्यास करवाया गया, जिससे दिनचर्या में स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश दिया गया।
दिनभर के कार्यक्रमों की अगली कड़ी में विद्यालय के लाइब्रेरी सभा कक्ष में एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप प्रधानाचार्य श्रीमती निधि भट्ट ने की। मुख्य वक्ता संजय भंडारी ने पर्यावरण, पारिस्थितिकी तंत्र और जैव विविधता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मानव जीवन का अस्तित्व इन पर ही निर्भर है। उन्होंने बढ़ते प्रदूषण पर चिंता जताते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और ठोस कदम उठाने का आह्वान किया।
इसके बाद स्वयंसेवकों को समूहों में विभाजित कर पर्यावरण एवं जैव विविधता विषय पर चार्ट प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान सभी स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण और उसकी सुरक्षा का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर गीता मीणा, आशा सालवी, विमला मीणा, सोनी शुक्ला, सीता मीणा, शिरीन मंसूरी, दिनेश्वरी जैन और हरिसिंह राणावत ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। वहीं समाजसेवी अमृत सेवक ने विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर के साथ-साथ अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी एवं उपप्रधानाचार्य श्री मुकेश कुमार मीणा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।