सलूंबर, 6 अप्रैल आमजन को राहत देने और गर्मी के मौसम में जरूरी सेवाओं को दुरुस्त रखने के लिए जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारियों की अहम समीक्षा बैठक ली। बैठक में पेयजल, बिजली, गैस आपूर्ति, स्वच्छता और बजट घोषणाओं की प्रगति पर गहन मंथन हुआ।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि गर्मी के दौरान पानी और बिजली की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए गए कि वे जलापूर्ति व्यवस्था की लगातार निगरानी करें और जहां भी समस्या हो, तुरंत समाधान करें। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर टैंकरों से पानी पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।
विद्युत विभाग को उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने, ढीले तारों को दुरुस्त करने और खराबी आने पर तुरंत मरम्मत करने के आदेश दिए गए। साथ ही अवैध कनेक्शनों पर सख्ती से कार्रवाई करने और नए कनेक्शन समय पर जारी करने पर जोर दिया गया।
बैठक में गैस सिलेंडर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो और वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी व व्यवस्थित रहे।
नगर परिषद को मानसून से पहले नालों की सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए गए, ताकि बरसात के समय जलभराव की समस्या से शहर को बचाया जा सके।
इसके अलावा, राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और बजट घोषणाओं को समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारने के निर्देश दिए गए। संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयसीमा में समाधान करने और फाइलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को फील्ड में नियमित दौरे करने और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग टीम भावना से काम करें और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर, नगर परिषद आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।