सलूंबर को मिलेगी नई प्रशासनिक पहचान: मिनी सचिवालय, सिविल लाइन और हेलीपैड की तैयारी तेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। जिले के विकास को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है। कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने शनिवार को शहर में प्रस्तावित मिनी सचिवालय, सिविल लाइन और हेलीपैड के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत लकापा क्षेत्र में प्रस्तावित मिनी सचिवालय की जमीन से हुई, जहां कलेक्टर ने स्थल की भौगोलिक स्थिति, पहुंच मार्ग और आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभागों को एक ही परिसर में लाने के उद्देश्य से आधुनिक मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
इसके बाद टीम ने सिविल लाइन के लिए चिन्हित क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों को आवासीय व्यवस्था, सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं में गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता को प्राथमिकता दी जाए।
हेलीपैड निर्माण को लेकर भी स्थल का निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों और तकनीकी पहलुओं का ध्यान रखते हुए शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रस्ताव तय समयसीमा में तैयार कर प्रस्तुत करें, ताकि योजनाओं को जल्द मंजूरी मिल सके और सलूंबर को आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके।
इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और विकास योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

और पढ़ें

error: Content is protected !!