मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज की मुलाकात, उदयपुर में बहुमंजिला भवन निर्माण पर बनी सहमति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर। त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जयपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। यह प्रतिनिधिमंडल भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं समाज के संभागीय संयोजक चंद्रशेखर जोशी तथा राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंड्या के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मिला।
भेंट के दौरान प्रतिनिधियों ने उदयपुर में प्रस्तावित समाज के बहुमंजिला भवन निर्माण कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की। साथ ही समाज संगठन द्वारा युवाओं में संस्कार, संयम और संविधान के प्रति आस्था बढ़ाने हेतु चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई।
इस अवसर पर समाज की ओर से मुख्यमंत्री को आगामी भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि मुख्यमंत्री का सकारात्मक रुख समाज के लिए प्रेरणादायक है और उनके कार्यक्रम में आने से आयोजन को नई दिशा मिलेगी।
इस दौरान राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विनोद पाण्डे, डॉ. शैलेन्द्र पंड्या, दीपक मेहता, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल पंड्या तथा कोषाध्यक्ष रविंद्र उपाध्याय सहित कई गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को लेकर समाज के सभी प्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं।

और पढ़ें

error: Content is protected !!