सलूंबर, जिले में 17 अप्रैल।दे श में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए सलूंबर जिला प्रशासन 20 अप्रैल को एक विशेष मॉक ड्रिल आयोजित करने जा रहा है। यह अभ्यास सोमवार शाम 8 बजे से 8:10 बजे तक जिला परिवहन कार्यालय परिसर में किया जाएगा, जिसमें हवाई हमले जैसी स्थिति का सिमुलेशन किया जाएगा।
इस संबंध में जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने और अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
अभ्यास के दौरान हवाई हमले की पूर्व चेतावनी देने वाली प्रणाली को सक्रिय किया जाएगा। साथ ही आगजनी, भवन क्षति और अन्य आपात हालात में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी को भी परखा जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी संकट की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
मॉक ड्रिल में पुलिस, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद, पेयजल एवं विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इसके साथ ही स्थानीय शिक्षण संस्थानों के स्काउट-गाइड, बीएसएनएल और अन्य संगठनों को भी शामिल किया गया है। स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी इस अभ्यास में सहयोग की अपील की गई है।
प्रशासन ने आमजन से विशेष सहयोग की अपेक्षा जताते हुए कहा है कि सायरन बजते ही सभी लोग अपने घरों, दुकानों और संस्थानों की लाइटें बंद कर दें। साथ ही सड़क प्रकाश और वाहनों की रोशनी भी बंद रखकर ब्लैकआउट का पालन करें, ताकि यह अभ्यास पूरी तरह सफल हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है, लेकिन इसका उद्देश्य वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी नागरिकों से जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ इसमें भाग लेने की अपील की गई है।