झल्लारा । सलूंबर जिले के झल्लारा थाना क्षेत्र के देवली गांव में एक आवासीय मकान में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घर में रखा हजारों रुपये का कीमती सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, देवली निवासी शांतिलाल सालवी के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से चिंगारी उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घर के जिस-जिस हिस्से में विद्युत लाइन बिछी हुई थी, वहां तक लपटें पहुंच गईं और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग की भयावहता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना झल्लारा पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही झल्लारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दमकल के वाहन ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो पड़ोस के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे। इस हादसे में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक चोट पहुंची है। आग की वजह से घर में रखा खाद्यान्न, राशन सामग्री, बिस्तर, कपड़े और अन्य कीमती उपकरण पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का मौका पर्चा तैयार कर लिया है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।