सलूम्बर में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 50 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक नष्ट, 10 किलो मिठाई जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। आमजन के स्वास्थ्य से जुड़ी लापरवाहियों पर लगाम कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर में सख्त कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत चली इस कार्रवाई में बड़ी मात्रा में अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान विभागीय टीम को विभिन्न दुकानों पर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और दूषित मिठाई मिली। मौके पर ही करीब 50 लीटर एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक को नष्ट किया गया, वहीं करीब 10 किलो संदिग्ध मिठाई को जब्त कर लिया गया। यह मिठाई गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतर रही थी और आमजन के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती थी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने चार खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित व्यापारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। साथ ही दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे एक्सपायरी और घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों का विक्रय न करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि जरूर जांचें, ताकि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचा जा सके।

और पढ़ें

error: Content is protected !!