टोंक। उच्च शिक्षा की ओर कदम बढ़ाने वाले विद्यार्थियों के लिए दूनी से बड़ी खबर सामने आई है। महर्षि कश्यप स्नातकोत्तर महाविद्यालय दूनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया 1 मई से शुरू कर दी गई है। कॉलेज प्रशासन ने बीए प्रथम वर्ष (प्रथम सेमेस्टर) के साथ-साथ एमए हिंदी साहित्य और एमए भूगोल में भी दाखिले खोल दिए हैं।
महाविद्यालय के उप निदेशक आदित्य कश्यप के अनुसार, इस बार प्रवेश “पहले आओ–पहले पाओ” के आधार पर दिए जा रहे हैं, जिससे इच्छुक विद्यार्थियों को जल्द आवेदन करने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं, चाहे उन्होंने किसी भी वर्ष परीक्षा पास की हो, बीए प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पात्र हैं।
कॉलेज, महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय अजमेर से संबद्ध परीक्षा केंद्र के रूप में भी कार्य करता है, जिससे विद्यार्थियों को यहीं पर अध्ययन और परीक्षा की सुविधा मिलती है। दूनी तहसील मुख्यालय पर स्थित यह महाविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ जल्द से जल्द कॉलेज पहुंचकर अपना प्रवेश सुनिश्चित करें, ताकि सीमित सीटों का लाभ समय रहते मिल सके।