सलूंबर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को सलूंबर पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद मन्नालाल रावत ने की। इस दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों, अधूरी योजनाओं, सफाई व्यवस्था और विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सांसद रावत ने नगर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए नगर परिषद आयुक्त को रोजाना शहर की सफाई व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
सांसद ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की धीमी प्रगति पर भी अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने अधूरे पड़े विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। पेयजल, सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में गति लाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई गांवों में खराब सड़कें, जल संकट, सफाई व्यवस्था और अपूर्ण निर्माण कार्यों को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया। सांसद ने संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों जरूरी हैं।
बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी दी।