सलूंबर। जिला कांग्रेस कमेटी सलूंबर की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को जिला कांग्रेस मुख्यालय पर जिलाध्यक्ष परमानंद मेहता एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, जनसरोकारों के मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत नव नियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत एवं पदभार ग्रहण कार्यक्रम से हुई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मेहता ने हाल ही में पुष्कर में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के “संगठन सृजन अभियान” के तहत हुए प्रशिक्षण शिविर में प्राप्त दिशा-निर्देशों और अनुभवों को कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने के लिए समर्पण, अनुशासन और सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
अपने संबोधन में मेहता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पहला दायित्व जनता की सेवा और संगठन को मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि समाज के किसी भी कमजोर, पीड़ित या शोषित व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जाति, धर्म और वर्ग से ऊपर उठकर उसकी आवाज बनना चाहिए तथा उसे न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना चाहिए।
बैठक में जिले एवं स्थानीय क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर भी गंभीर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों को जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के अलावा अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, प्रदेश एवं एआईसीसी सदस्य, तीनों ब्लॉकों के अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, पूर्व विधायक प्रत्याशी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वरिष्ठ नेता देवराम जोशी, महिपाल जैन खेतावत, गंगाराम मेहता, रोहित भट्ट, मोहम्मद समीर, फतेहलाल जोशी और रामभरोसे पुरोहित सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।