सलूंबर। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत प्रसारण निगम द्वारा 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) सलूंबर पर आवश्यक रखरखाव एवं मरम्मत कार्य किए जाने के चलते सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत सप्लाई बंद रखी जाएगी ।बिजली विभाग के अनुसार जीएसएस पर तकनीकी कार्यों के दौरान सुरक्षा कारणों से संबंधित फीडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोकनी आवश्यक है। इससे सलूंबर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र सहित बनोड़ा, अदकालिया, खैराड़खरका, उथरदा, ईडाणा तथा करावली सहित आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ता प्रभावित होंगे ।विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समयावधि के दौरान आवश्यक कार्यों की पूर्व तैयारी कर लें। अधिकारियों का कहना है कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू कर दी जाएगी। हालांकि तकनीकी परिस्थितियों के अनुसार समय में आंशिक बदलाव भी संभव है। गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में बिजली की बढ़ती मांग के बीच विद्युत तंत्र को मजबूत बनाने और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर रखरखाव कार्य किए जाते हैं। इसी कड़ी में शनिवार को यह कार्य प्रस्तावित है।