सलूंबर। महिला सशक्तिकरण को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला
स्तरीय नारी चौपाल संवाद, जागरूकता और प्रेरणा का सशक्त मंच बनकर उभरी। कार्यक्रम में जिलेभर से पहुंची महिलाओं ने न केवल योजनाओं की जानकारी हासिल की, बल्कि अपने अधिकारों और अवसरों को लेकर खुलकर चर्चा भी की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. ने महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना संभव नहीं है।
उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपने परिवार और समाज के विकास में योगदान देने की अपील की।नारी चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने महिलाओं से सीधे संवाद कर उन्हें सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिक्षा विभाग ने बालिका शिक्षा और महिला अधिकारों पर प्रकाश डाला, वहीं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। पुलिस विभाग ने महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सहायता सेवाओं की जानकारी देकर जागरूकता बढ़ाई।महिला अधिकारिता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं, आर्थिक सहायता कार्यक्रमों तथा स्वरोजगार के अवसरों पर जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं और बालिकाओं को स्वीकृति पत्र, चेक एवं बेबी किट वितरित कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर कई लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक संबल मिलने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, साथिनें, राजीविका समूहों की महिलाएं और ग्रामीण क्षेत्र की महिला प्रतिभागी मौजूद रहीं।नारी चौपाल के माध्यम से प्रशासन ने महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करने का सार्थक प्रयास किया, जिसकी प्रतिभागियों ने सराहना की।