प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को दिए परिणाम आधारित कार्य के निर्देश, बस से पहुंचकर दिया ईंधन बचत का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूम्बर। राज्य सरकार द्वारा संचालित शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों को अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुख बनाने के लिए प्रभारी सचिव खजान सिंह ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का माध्यम हैं, इसलिए सभी विभाग लक्ष्य निर्धारित कर पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने राजस्व एवं नगर परिषद को अग्रिम पंक्ति में रहकर लंबित प्रकरणों के समाधान की जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित मॉनिटरिंग और स्पष्ट कार्ययोजना के बिना अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सकते। अधिकारियों को नवाचार और समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया।

कच्ची बस्तियों के पट्टों पर विशेष फोकस

स्वायत्त शासन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने कच्ची बस्तियों से जुड़े लंबित पट्टा प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों को फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करने और समाधान आधारित कार्रवाई करने को कहा।

जिला परिषद को स्वयं सहायता समूहों के बैंक खातों की अद्यतन जानकारी संधारित करने तथा पात्र परिवारों को आवासीय पट्टों के वितरण संबंधी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं चिकित्सा विभाग को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने और टीबी रोगियों की ग्राम पंचायतवार पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

हर विभाग को मिला लक्ष्य आधारित रोडमैप

पशुपालन विभाग को पशुधन की श्रेणीवार जानकारी तैयार कर नियमित निगरानी करने, ऊर्जा विभाग को लक्ष्य आधारित कार्य प्रणाली अपनाने, शिक्षा विभाग को भवन मरम्मत एवं निर्माण संबंधी आवश्यकताओं की सूची तैयार कर सार्वजनिक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने तथा जलदाय विभाग को पेयजल समस्याओं एवं संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में प्रभारी सचिव ने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें और शिविरों के मूल उद्देश्य को धरातल पर साकार करें।बस में साथ पहुंचे अधिकारी, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश समीक्षा बैठक के बाद जिला स्तरीय अधिकारियों ने लसाड़िया ब्लॉक की ढाईखेड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में सामूहिक रूप से बस से पहुंचकर पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया। अधिकारियों का कहना था कि सामूहिक परिवहन अपनाने से न केवल सरकारी संसाधनों की बचत होती है, बल्कि कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आती है।

ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों ने मौके पर जनसमस्याओं की सुनवाई कर समाधान किया और ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

सेवा शिविरों में दिखे परिणाम, तभी माने जाएंगे सफल: प्रभारी सचिव

लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर जोर, अधिकारियों को मिला स्पष्ट लक्ष्य
बस से पहुंचे अधिकारी, जनसेवा के साथ दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
शिविरों की समीक्षा में प्रभारी सचिव सख्त, बोले- खानापूर्ति नहीं, परिणाम चाहिए

और पढ़ें

error: Content is protected !!