राजसमंद के स्वतंत्रता गौरव को शब्दों में संजोती पुस्तक पर मंथन ‘राजसमंद में आज़ादी की अलख’ पर साहित्यकारों ने की चर्चा, नई पीढ़ी तक इतिहास पहुंचाने का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजसमंद। स्थानीय सूचना केन्द्र में मंगलवार शाम साकेत साहित्य संस्थान एवं राजस्थान साहित्य अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षाविद् एवं साहित्यकार दिनेश श्रीमाली की पुस्तक ‘राजसमंद में आज़ादी की अलख’ पर परिचर्चा एवं साहित्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं बुद्धिजीवियों ने पुस्तक के ऐतिहासिक, साहित्यिक और प्रेरणादायी पक्षों पर विस्तार से विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता साकेत साहित्य संस्थान की अध्यक्ष वीणा वैष्णव ने की, जबकि वरिष्ठ साहित्यकार प्रकाश तातेड़ मुख्य अतिथि रहे। पुस्तक के लेखक दिनेश श्रीमाली तथा शिक्षाविद् चतुर कोठारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कहा कि पुस्तक केवल इतिहास का दस्तावेज नहीं, बल्कि राजसमंद अंचल के स्वतंत्रता संग्राम, मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, त्याग, बलिदान और देशभक्ति की भावना का जीवंत प्रतिबिंब है। इसमें क्षेत्र के उन प्रेरक प्रसंगों को समाहित किया गया है, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्रीय इतिहास और स्थानीय नायकों पर लेखन समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने अतीत, संस्कृति और संघर्षों से परिचित हो सकें। पुस्तक समीक्षा प्रस्तुत करते हुए वक्ताओं ने इसे राजसमंद की गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण साहित्यिक प्रयास बताया।
परिचर्चा के दौरान साहित्यकारों ने कहा कि हल्दीघाटी की वीरता, मेवाड़ की स्वाभिमानी परंपरा और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को पुस्तक में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह कृति युवाओं में राष्ट्रप्रेम और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में जिले भर से आए साहित्यकारों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। समापन अवसर पर उपस्थितजनों ने पुस्तक को विद्यालयों और पुस्तकालयों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
8कार्यक्रम का संचालन डॉ. संपत रेगर एवं चंद्रशेखर नारलाई ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष वीणा वैष्णव ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों का आभार व्यक्त किया।

संवाददाता अन्नू राठौड़ रुद्रांजली

और पढ़ें

error: Content is protected !!