आईसीएआर-NBSS&LUP द्वारा एससीएसपी योजना के तहत 95 से अधिक किसानों को उन्नत बीज वितरित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

झल्लारा/सलूंबर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय मृदा सर्वेक्षण एवं भूमि उपयोग नियोजन ब्यूरो (NBSS&LUP), क्षेत्रीय केन्द्र, उदयपुर द्वारा जिला मुख्यालय सलूंबर पर किसान जागरूकता एवं उन्नत बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अनुसूचित जाति उपयोजना (SCSP) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के बीच वैज्ञानिक खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के झाड़ोल, बासी, बनोड़ा, थारोड़ा, ढिंगरी तथा घाटोड़जी गांवों से आए 95 से अधिक किसानों को खरीफ मौसम के लिए सोयाबीन, उड़द एवं विभिन्न सब्जी फसलों की उन्नत किस्मों के प्रमाणित बीज वितरित किए गए।
क्षेत्रीय केन्द्र, उदयपुर के प्रमुख डॉ. बी. एल. मीणा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रमाणित बीजों और वैज्ञानिक फसल प्रबंधन को अपनाने का आह्वान किया ताकि उत्पादन एवं आय दोनों में वृद्धि हो सके। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. आर. पी. शर्मा ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) के आधार पर संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन की सलाह दी। उन्होंने बताया कि मिट्टी की जांच के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने से खेती की लागत घटती है, पोषक तत्वों की दक्षता बढ़ती है और मृदा का स्वास्थ्य लंबे समय तक सुरक्षित रहता है। इसके साथ ही वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर. एल. मीणा ने सलूंबर जिले में ब्यूरो द्वारा संचालित गतिविधियों और मृदा संसाधन प्रबंधन से संबंधित नवीन प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. अजीत मीणा द्वारा किया गया, जिन्होंने किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत उत्पादन तकनीकों की जानकारी देते हुए बीज वितरण कार्य का सफल संचालन किया। अंत में उपस्थित किसानों ने ब्यूरो की इस पहल की सराहना की और वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुरूप खेती अपनाने का संकल्प व्यक्त किया।

संवाददाता नाथूलाल सालवी

और पढ़ें

error: Content is protected !!