जिला कलक्टर ने जनजागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी, छोटे परिवार और जन्म अंतराल के संदेश के साथ निकली जागरूकता यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर, 11 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिले में परिवार कल्याण और जनसंख्या स्थिरीकरण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया तथा परिवार नियोजन से जुड़े संदेशों वाले पोस्टर का विमोचन किया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि स्वस्थ समाज की नींव संतुलित परिवार व्यवस्था और बेहतर मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर आधारित होती है। उन्होंने लोगों से विवाह की निर्धारित आयु का पालन करने, बच्चों के जन्म के बीच पर्याप्त अंतर रखने तथा छोटे परिवार की अवधारणा को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरीकरण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की साझा जिम्मेदारी है।
रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर आमजन को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया। प्रतिभागियों ने नारों और संदेशों के माध्यम से विवाह के बाद उचित अंतराल, बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर तथा स्वस्थ परिवार की आवश्यकता पर जोर दिया।
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जिला कलक्टर कार्यालय में राज्य स्तरीय वर्चुअल कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा प्रमुख शासन सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए परिवार कल्याण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिलों और अधिकारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर सलूंबर जिले ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए जन्म अंतराल (बर्थ स्पेसिंग) को बढ़ावा देने की श्रेणी में तृतीय स्थान प्राप्त किया। राज्य सरकार की ओर से जिले को प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग ने आशा सहयोगिनियों, एएनएम, चिकित्सा कर्मियों तथा पूरे स्वास्थ्य अमले के समन्वित प्रयासों को दिया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.डी. मीणा, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र पुरी गोस्वामी सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!