रिजल्ट में गड़बड़ी पर हाड़ारानी कॉलेज में एबीवीपी का हंगामा, प्रशासनिक भवन पर जड़ा ताला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। हाड़ारानी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीए तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। परिणामों में भारी त्रुटियों का आरोप लगाते हुए विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला जड़ दिया तथा विरोधस्वरूप परीक्षा परिणाम की प्रतियां जलाकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों का आरोप था कि हाल ही में घोषित परिणामों में बड़ी संख्या में नियमित विद्यार्थियों को अनुत्तीर्ण दर्शाया गया है। विशेष रूप से इंग्लिश कम्युनिकेशन विषय में अधिकांश छात्रों को बैक लगने से विद्यार्थियों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि परिणाम वास्तविक प्रदर्शन के अनुरूप नहीं हैं और इससे सैकड़ों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि परिणामों में गंभीर अनियमितताओं के कारण विद्यार्थियों पर पुनर्मूल्यांकन का अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। संगठन ने मांग की कि संपूर्ण परिणाम की निष्पक्ष समीक्षा कर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के पुनर्मूल्यांकन कराया जाए तथा संशोधित परिणाम जारी किए जाएं।
स्थिति की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। विद्यार्थियों की मांग पर उन्होंने मामले से उच्च प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एडीएम स्तर से मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार से दूरभाष पर संपर्क कर विद्यार्थियों की आपत्तियों और मांगों की जानकारी दी गई।
बाद में एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने महाविद्यालय प्राचार्य के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विवादित परीक्षा परिणाम को विश्वविद्यालय की वेबसाइट से हटाने, सभी विषयों का निष्पक्ष पुनर्मूल्यांकन कराने तथा संशोधित परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग की गई।
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय एवं संबंधित प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में एबीवीपी के प्रद्युम्न सिंह, गौरव भोई, निखिल भट्ट, कुशल शर्मा, दीक्षित सुतार, हितेश शर्मा, गजेंद्र सिंह, जया दमामी, वर्षा शर्मा, भावेश जोशी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!