सलूंबर। जिले में युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़ने के लिए विशेष पंजीकरण अभियान को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। सोमवार को जिला स्तरीय सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के समन्वय से अभियान को प्रभावी बनाने पर मंथन किया गया।
बैठक में बताया गया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक विशेष पंजीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी समीर खान ने पोर्टल की कार्यप्रणाली, पंजीकरण प्रक्रिया तथा अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में नोडल अधिकारी एवं ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करने, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक अभियान पहुंचाने तथा सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में VBYLD Quiz में युवाओं की अधिकतम भागीदारी और “नशामुक्त युवा–विकसित भारत” अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर भी चर्चा हुई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने शिक्षा, कॉलेज शिक्षा सहित सभी विभागों को अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। वहीं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अध्यक्ष ने कहा कि एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, युवा मंडलों तथा शिक्षण संस्थानों से जुड़े प्रत्येक पात्र युवा को माय भारत पोर्टल से जोड़ना अभियान की प्राथमिकता है। बैठक के अंत में जिला युवा अधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं विभागों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।