यूसीसी का संदेश पहुंचे हर घर, QR कोड और URL का हो व्यापक प्रचार: मुख्य सचिव वीडियो कॉन्फ्रेंस में योजनाओं की समीक्षा, जल संरक्षण से लेकर मानसून तैयारियों तक दिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सलूंबर। प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने गुरुवार को प्रदेशभर के जिला प्रशासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि प्रत्येक नागरिक तक इसकी जानकारी पहुंचे और अधिकाधिक लोग अपने सुझाव दर्ज करा सकें।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी., पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई, अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जल अर्पण अभियान, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-GRAMG), हरियालो राजस्थान, अमृत 2.0 और जन शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने कहा कि यूसीसी के प्रचार-प्रसार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि समाचार पत्रों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर यूसीसी से संबंधित QR कोड और URL प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं, ताकि आमजन आसानी से अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
बैठक में जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि जिले में एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। विभिन्न व्हाट्सएप समूहों के माध्यम से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाने और सुझाव प्राप्त करने का कार्य लगातार जारी है। जल अर्पण अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और पंचायती राज विभाग को समन्वित रूप से कार्य करते हुए जल संरक्षण गतिविधियों को धरातल पर प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, VB-GRAMG मिशन की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा अमृत 2.0 सहित सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता संबंधी कार्यों में गति लाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मानसून की तैयारियों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को मुख्यालय पर रहकर लगातार निगरानी रखने, जलभराव, सड़क मरम्मत और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने अटल ज्ञान केंद्रों की प्रगति रिपोर्ट समय पर पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित हो सके।

और पढ़ें

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का समापन: राजकॉप ऐप से जोड़ीं 112 महिलाएं, सुरक्षा के प्रति किया जागरूक सलूंबर पुलिस ने पैदल मार्च व वाहन रैली निकालकर दिया भरोसे का संदेश, हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का समापन: राजकॉप ऐप से जोड़ीं 112 महिलाएं, सुरक्षा के प्रति किया जागरूक सलूंबर पुलिस ने पैदल मार्च व वाहन रैली निकालकर दिया भरोसे का संदेश, हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

error: Content is protected !!